मनोरंजन

सुशांत सिंह राजपूत से छीना गया था बड़ा रोल, 6 महीने की तैयारी के बाद भी फिल्म ‘पानी’ से हटाए गए; सालों बाद डायरेक्टर शेखर कपूर का बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को लेकर फिल्ममेकर शेखर कपूर ने सालों बाद एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि सुशांत को उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘पानी’ में मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था और अभिनेता ने इसके लिए करीब 6 महीने तक कड़ी तैयारी और रिहर्सल भी की थी, लेकिन प्रोडक्शन शुरू होने से पहले ही उन्हें फिल्म से हटा दिया गया।

शेखर कपूर ने बताया कि यह फिल्म लंबे समय से अटकी हुई थी और एक समय इसमें ऋतिक रोशन को कास्ट किया गया था। बाद में उनकी जगह सुशांत सिंह राजपूत को लिया गया। फिल्म की कहानी भविष्य यानी 2050 के दशक पर आधारित थी, जहां दुनिया गंभीर जल संकट से जूझ रही होती है।

कपूर के मुताबिक, फिल्म शुरू होने से पहले ही प्रोडक्शन रुक गया क्योंकि प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स (YRF) ने सुशांत को कास्ट न करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वह पहले ही छह महीने तक सुशांत के साथ रिहर्सल कर चुके थे और फिल्म को लेकर काफी उत्साहित थे।

शेखर कपूर ने यह भी बताया कि उनके और आदित्य चोपड़ा के बीच कॉन्ट्रैक्ट था, जिसमें बिजनेस से जुड़े फैसलों का अधिकार यशराज फिल्म्स के पास था, जबकि फिल्म के क्रिएटिव फैसले उनके हाथ में थे। हालांकि परिस्थितियों के चलते फिल्म का निर्माण शुरू ही नहीं हो पाया।

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी और फिल्म ‘काई पो चे’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘शुद्ध देसी रोमांस’, और ‘डिटेक्टिव व्योमकेश बख्शी’ जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ थी, जो उनके निधन के बाद रिलीज हुई थी।

14 जून 2020 को मुंबई स्थित उनके अपार्टमेंट में उनका शव मिला था, जिसके बाद से ही बॉलीवुड में नेपोटिज्म और इंडस्ट्री की राजनीति को लेकर काफी बहस हुई थी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button