बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ में बर्खास्त 25 NHM कर्मचारियों की सेवा बहाल, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

रायपुर, 29 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर NHM ने 25 संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा बहाली के आदेश जारी कर दिए हैं।
इन कर्मचारियों को 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक चली अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सेवा से अलग कर दिया गया था। लेकिन अब राज्य स्वास्थ्य समिति (कार्यकारिणी समिति) की बैठक और विभागीय पत्राचार के बाद इस कार्रवाई को निरस्त कर दिया गया है।
जिलों में तुरंत जॉइनिंग के निर्देश
एनएचएम ने साफ किया है कि इन 25 कर्मचारियों की जिला स्तर पर तत्काल सेवा बहाली की जाएगी और उनकी कार्य पर उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टर, CMHO और जिला स्वास्थ्य समितियों को निर्देश भेज दिए गए हैं।
यह आदेश मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी किया गया है।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
आदेश जारी होने के बाद NHM कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और मिशन संचालक का आभार जताया है। साथ ही 16,500 NHM कर्मचारियों के समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया गया है।
सेवा बहाली के इस फैसले से प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों में संतोष और राहत का माहौल है।



