मनेंद्रगढ़ को बड़ी सौगात: सरसताल–फुनगा मार्ग पर 120 मीटर पुल को मंजूरी, 5.23 करोड़ से बदलेगी हजारों की ज़िंदगी

रायपुर, 18 दिसंबर 2025 / मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने खड़गवां ब्लॉक के सरसताल से फुनगा तक 120 मीटर लंबे पुल निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। यह पुल 5 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से बनाया जाएगा।
पुल और सड़क निर्माण पूरा होने के बाद देवाडाड, सलका, सुंदरपुर, कटकोना, नेवारी, बहरा, बेलकामार, जरौंधा और सकड़ा सहित आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
मनेंद्रगढ़ के विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस स्वीकृति पर क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और यह पुल मनेंद्रगढ़ के विकास को नई गति देगा।



