छत्तीसगढ़
Trending

PMGSY-IV में छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: 774 नई सड़कों की मंजूरी, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर, 19 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत 774 नई ग्रामीण सड़कों (कुल लंबाई 2,426.875 किमी) की स्वीकृति मिली है। केंद्र सरकार से मिली इस मंजूरी ने प्रदेश में ग्रामीण संपर्कता और विकास के नए द्वार खोल दिए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ पीएमजीएसवाई के श्रेष्ठ क्रियान्वयन के कारण लगातार देश के अग्रणी राज्यों में बना हुआ है। योजना के आरंभ से अब तक राज्य को 9,722 सड़कें (48,594 किमी) और 669 पुल स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 8,753 सड़कें (43,380 किमी) और 470 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है।

PMGSY-IV में पहली बार ‘बारहमासी सड़क संपर्कता’ का लक्ष्य

इस चरण में उन सभी पात्र संपर्क-विहीन बसावटों को सर्व–मौसम सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो अब तक सड़क नेटवर्क से नहीं जुड़ सकीं थीं। नई स्वीकृत सड़कों से प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में:

  • बाज़ार तक आसान पहुंच
  • स्वास्थ्य सुविधाओं तक शीघ्र पहुँच
  • शिक्षा और पोषण सेवाओं में सुधार
  • आपदा प्रबंधन में तेजी
  • ग्रामीण आवागमन में व्यापक सुविधा

जैसे महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे और क्षेत्र के सामाजिक–आर्थिक विकास की गति और तेज होगी।

ग्रामीण विकास मंत्री की सराहना

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने इंजीनियरों, मैदानी कार्यबल और पीएमजीएसवाई टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री का बयान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा:
“छत्तीसगढ़ को मिली 774 नई सड़कों की स्वीकृति हमारे ग्रामीण विकास अभियान को नई गति देगी। यह दूरस्थ और संपर्क-विहीन गांवों को बारहमासी सड़क सुविधा देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर गांव तक सुरक्षित और सर्व–मौसम सड़क संपर्क सुनिश्चित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-कल्याण को नई ऊँचाइयों पर ले जाया जाए।”

नई सड़कों की यह मंजूरी प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button