
दिल्ली, 10 नवंबर 2025 राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार को हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास खड़ी पांच से छह गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और आसपास की कई दुकानों के शीशे चटक गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
चश्मदीदों ने बताया, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास की इमारतों की खिड़कियां तक हिल गईं। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया — “मैं दुकान में बैठा था, अचानक इतना तेज धमाका हुआ कि मैं कुर्सी से गिर पड़ा। जिंदगी में इतना भयानक धमाका कभी नहीं सुना।”
पूरी दिल्ली, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट घोषित
इस घटना के बाद दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। साथ ही अयोध्या के राम मंदिर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। एहतियातन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 4 बंद कर दिया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने ली रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धमाके को लेकर आईबी चीफ और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने जांच एजेंसियों को मामले की गहराई से जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रहे हैं ताकि विस्फोटक सामग्री की प्रकृति का पता लगाया जा सके। धमाके की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट बताया जा रहा है।



