साय सरकार का बड़ा फैसला : आज 5 लाख भूमिहीन मजदूरों को 500 करोड़ की सौगात, हर परिवार के खाते में आएंगे 10 हजार रुपए

रायपुर, 25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करीब 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को बड़ी आर्थिक सौगात देंगे। इस योजना के अंतर्गत लगभग 500 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी हो सकें और आर्थिक स्थिरता मिल सके।
इस योजना में रायपुर जिला सबसे आगे है, जहां 53 हजार 338 भूमिहीन कृषि मजदूरों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा बिलासपुर में 39 हजार 401 और महासमुंद में 37 हजार 11 हितग्राही शामिल हैं। सभी लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूरों की आय में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना में वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी सहित पौनी-पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवारों को भी शामिल किया गया है। अनुसूचित क्षेत्रों में बैगा, गुनिया, माँझी और पुजारी परिवारों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है, जिनकी संख्या 22 हजार से अधिक है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पहले दी जा रही 7 हजार रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया है। साथ ही संकल्प बजट 2026-27 में इस योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे आने वाले समय में और अधिक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
सरकार का कहना है कि यह योजना अंत्योदय की भावना को मजबूत करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का एक बड़ा कदम है।



