छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ कैबिनेट का बड़ा फैसला: 15 नवंबर से 25 लाख किसानों से धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल, “टोकन तुंहर हाथ” ऐप से ऑनलाइन टोकन, बायोमैट्रिक खरीद और डिजिटल क्राप सर्वे से पूरी पारदर्शिता

रायपुर, 10 अक्टूबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
मुख्य निर्णय:
- 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी होगी।
- धान की कीमत 3100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तक निर्धारित।
- खरीदी में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ई-केवाईसी और भारत सरकार के एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य। पंजीकरण 31 अक्टूबर तक कराया जा सकता है।
- डिजिटल क्राप सर्वे के माध्यम से 23 लाख हेक्टेयर रकबे का सर्वे पूरा, और रकबे का ऑनलाइन निर्धारण सुनिश्चित।
- किसानों को लंबी कतारों से मुक्ति देने के लिए “टोकन तुंहर हाथ” मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था।
- बायोमैट्रिक आधारित धान खरीदी से वास्तविक किसानों की पहचान सुनिश्चित होगी।
- राज्य के 2739 खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था के निर्देश।
- समितियों को शून्य सुखत आने पर 5 रुपए प्रति क्विंटल के मान से प्रोत्साहन।
- आवश्यकतानुसार नए और पुराने जूट बारदाने की व्यवस्था।
- केंद्रीय पूल में 73 लाख मीट्रिक टन चावल का लक्ष्य।
- धान रिसाइकलिंग रोकने और बेहतर मॉनिटरिंग के लिए पहली बार इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर मार्कफेड कार्यालय में स्थापित। जिलों में भी कंट्रोल रूम।
- सीमावर्ती राज्यों से धान की अवैध आवक रोकने के लिए विशेष चेकिंग दल।
- धान उठाव और परिवहन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस व्यवस्था से किसानों को समय पर भुगतान, पारदर्शिता और सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में धान खरीदी के सभी प्रक्रियाओं में डिजिटल और प्रशासनिक मजबूती सुनिश्चित की जाएगी।