छत्तीसगढ़ में बड़ा फैसला : 2026 होगा महतारी गौरव वर्ष, माताओं-बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण पर रहेगा सरकार का

रायपुर, 23 दिसंबर 2025।राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में घोषित किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति सरकार की सबसे बड़ी प्रेरणा और शक्ति है। माताओं और बहनों के आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग से ही जनसेवा की ऊर्जा मिलती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का पहला वर्ष ‘विश्वास वर्ष’ के रूप में समर्पित किया गया था, जिसका उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना करना था। पारदर्शिता, संवेदनशीलता और संवाद के माध्यम से सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल रही।
उन्होंने बताया कि सेवा का दूसरा वर्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान प्रदेश में आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए। इन उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘महतारी गौरव वर्ष’ के दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्र माताएँ और बहनें होंगी। यह वर्ष मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिमा को नई ऊँचाई देने के लिए समर्पित रहेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति के नेतृत्व और सहभागिता का नया अध्याय लिखा जाएगा, जो विकसित और समरस छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर में ‘जनादेश परब’ के तहत आयोजित जनसभा में मिले जनसमर्थन के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी धन्यवाद जताया और कहा कि उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति का प्रमाण है।



