छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर में GST का बड़ा शिकंजा: कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर फिर छापेमारी, कोल मिक्सिंग–टैक्स चोरी का शक, 3 बड़े व्यापारी कर चुके हैं ₹27.50 करोड़ सरेंडर

बिलासपुर, 16 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्टेट GST की टीम ने एक बार फिर बड़े कोयला कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए 15 दिसंबर को ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान हिंद कोल ग्रुप की गतौरा, हिंडाडीह और बलौदा स्थित कोल वाशरी के साथ-साथ कंपनी के कार्यालयों में दस्तावेजों की गहन जांच की गई। सर्चिंग की कार्रवाई ऑफिस सहित अन्य ठिकानों पर भी चली। हिंद कोल ग्रुप के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल बताए जा रहे हैं।

वहीं, इंद्रमनी ग्रुप के डायरेक्टर सुनील अग्रवाल के भी दो ठिकानों समेत कुल पांच जगहों पर स्टेट GST की टीम ने कार्रवाई की है। सोमवार सुबह शुरू हुई यह जांच देर रात तक चलती रही, जिसमें अधिकारियों ने लेन-देन, इनकम रिकॉर्ड और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की।

कोल मिक्सिंग और टैक्स हेराफेरी का शक

GST अधिकारियों की शुरुआती जांच में कोल वाशरी में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग और टैक्स हेराफेरी के संकेत मिले हैं। आशंका है कि कारोबारी टैक्स बचाने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रहे थे। कारोबार से होने वाली आय की तुलना में कम टैक्स जमा होने के चलते रायपुर से आई GST टीम ने सीधे घर और अन्य ठिकानों पर रेड की।

हालांकि, कार्रवाई के दौरान अधिकारी मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए। जानकारों का कहना है कि जांच में कंपनी के रिकॉर्ड में कई गंभीर खामियां और टैक्स चोरी के सबूत मिले हैं।

पहले से निगरानी में थे बड़े कारोबारी

बताया जा रहा है कि शहर के तीन बड़े कोयला कारोबारी लंबे समय से स्टेट GST की डायरेक्ट निगरानी में थे। इनका कारोबार देश के कई राज्यों से जुड़ा हुआ है। आय और टैक्स भुगतान में भारी अंतर पाए जाने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

3 कारोबारियों ने सरेंडर किए 27.50 करोड़

दो दिन पहले स्टेट GST सेक्रेटरी मुकेश बंसल के निर्देश पर रायपुर की टीम ने बिलासपुर में महावीर कोल वाशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनेफिशिएशन के 11 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के बाद GST की सख्ती से बचने के लिए

  • महावीर कोल वाशरी ने 10 करोड़ रुपये,
  • फील ग्रुप ने 11 करोड़ रुपये और
  • पारस कोल वाशरी ने 6 करोड़ 50 लाख रुपये

सरेंडर किए। इस तरह तीनों कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 50 लाख रुपये का टैक्स सरेंडर किया है। जानकारी के मुताबिक महावीर कोल वाशरी का संबंध एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के परिवार से भी जुड़ा बताया जा रहा है।

आगे और खुलासों की संभावना

GST अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। कोयला कारोबार में टैक्स चोरी और अनियमितताओं को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button