रायपुर में ‘चिट्टा’ की बड़ी खेप बरामद: पति-पत्नी गिरफ्तार, पंजाब से लाकर कबीर नगर में बेच रहे थे हेरोइन

रायपुर, 30 दिसंबर 2025/ राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती रंग लाई है। थाना कबीर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी कर रहे पति-पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16.01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि कबीर नगर इलाके के एक मकान में नशे की बिक्री हो रही है। एएसपी दौलत राम पोर्ते और सीएसपी ईशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पलंग के दराज में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला हरप्रीत कौर और उसका पति जोधा सिंग यह नशीला पदार्थ पंजाब से तस्करी कर रायपुर लाते थे और शहर में बेचते थे। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



