छत्तीसगढ़

ग्राम समोदा में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: शासकीय भूमि से हटाया अवैध कब्जा, जेसीबी से तोड़ी पक्की दुकानें

दुर्ग, 10 फरवरी 2026। जिले के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण हटाते हुए जमीन को खाली कराया।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व अमले और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम समोदा के राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा-सिरसा, तहसील दुर्ग की शासकीय घास भूमि खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया।

जांच में पाया गया कि गांव के ब्रजेश ताम्रकार पिता गिरजाशंकर ताम्रकार द्वारा शासकीय भूमि पर पक्का दुकान निर्माण, टीन शेड लगाकर दुकान बनाना तथा सीमेंट पोल लगाकर तार घेरा किया गया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के माध्यम से इन सभी अवैध निर्माणों को हटाते हुए भूमि को मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चन्द्रिका प्रसाद खरें, शत्रुहन मिश्रा, अनिता साहू, संदीप देशमुख सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button