
मनेंद्रगढ़, 23 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में आज एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के मामले का पर्दाफाश किया है। ACB की टीम ने दबिश देकर नगर पालिका के अकाउंटेंट सुशील भगत को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि CMO इसहाक खान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार से उसके बिल पास कराने के एवज में CMO द्वारा ₹53,000 की रिश्वत मांगी गई थी। इसमें से ₹20,000 पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि शेष ₹33,000 देने के लिए ठेकेदार आज CMO के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि CMO के निर्देश पर ठेकेदार ने यह राशि अकाउंटेंट को सौंपी।
जैसे ही अकाउंटेंट ने नगद राशि ली, पहले से जाल बिछाकर बैठी ACB टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए CMO को भी हिरासत में लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। ACB अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही, भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



