छत्तीसगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन: पेंशन और ठेके के नाम पर रिश्वत, 2 जिलों में 3 अधिकारी गिरफ्तार

रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दो अलग-अलग जिलों में बड़ी छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कोंडागांव और अंबिकापुर में की गई।
कोंडागांव: पेंशन के बदले 40 हजार की मांग
कोंडागांव जिले के बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को ACB ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मिडिल स्कूल सरपंच पारा से सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव से पेंशन शुरू कराने के एवज में रकम की मांग की थी।
लंबे समय तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद थक-हारकर पीड़ित शिक्षक ने ACB में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद ACB जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
अंबिकापुर: ठेकेदार से 50 हजार लेते पकड़े गए कमिश्नर और बाबू
दूसरी बड़ी कार्रवाई अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के संभागीय कार्यालय में की गई। यहां ACB ने संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और बाबू अनिल सिंह को एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
आरोप है कि कमिश्नर ने काम पास कराने के बदले ठेकेदार से रकम की मांग की थी। ACB की टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।
पूछताछ जारी
ACB ने तीनों आरोपियों को संबंधित कार्यालय लाकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।



