
रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मंदिरहसौद तहसील में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की विशेष टीम ने नरदहा, धनसुली और खपरी गांवों में छापेमारी करते हुए 4 क्रशर प्लांटों को सील कर दिया।
यह कार्रवाई सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव और खनिज निरीक्षक स्तुति निगम के नेतृत्व में की गई। टीम ने चूना पत्थर (लाइमस्टोन) खदानों का औचक निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि खदान संचालक नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। कई जगह तय सीमा से अधिक गहराई तक खुदाई की जा रही थी और बिना अनुमति खदानों का विस्तार किया गया था। साथ ही, धूल और प्रदूषण नियंत्रण के जरूरी उपाय भी नहीं किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान जिन क्रशर प्लांटों को सील किया गया, उनमें श्रीचंद प्रीतवानी, शैलेंद्र चौरसिया, महादेव माइनिंग (संचालक महेश प्रीतवानी) और निमेश कुमार चेलक की यूनिट शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य खदान संचालकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से सड़कों की हालत खराब हो रही थी और धूल प्रदूषण के कारण खेती व स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा था।
खनिज विभाग ने कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



