भिलाई: NSUI नेता द्वारा प्राचार्य पर हमला, पुलिस ने दो गिरफ्तार, विधायक प्रतिनिधि अंडरग्राउंड

भिलाई नगर थाना क्षेत्र में कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के साथ NSUI नेताओं द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। 9 दिसंबर को NSUI नेताओं ने महिला कर्मचारियों को गाली देने का आरोप लगाते हुए प्राचार्य के ऑफिस में जबरन घुसकर हंगामा किया। इस दौरान भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि और NSUI नेता आकाश कनौजिया ने प्राचार्य पर पर्चे फेंके, टेबल पर रखी नेम प्लेट पर स्याही पोती और उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंची पुलिस से आकाश ने कहा कि “NSUI का यही तरीका है, पुलिस से नहीं डरता और FIR उसके लिए मेडल के सामान है।” पुलिस ने आकाश के दो साथियों दीपक पाल और हरदीप पात्रे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, आकाश कनौजिया फिलहाल अंडरग्राउंड है और उसकी तलाश जारी है।
प्राचार्य के अनुसार, आकाश और उसके साथी लगभग आधे घंटे तक उनके केबिन में हंगामा करते रहे और उन्हें लगातार जलील करते रहे। NSUI नेताओं ने प्राचार्य से चतुर्थ वर्ग की दो महिला कर्मचारियों को पुनः नौकरी पर रखने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
इस मामले में पुलिस ने कुल 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा और अन्य शामिल हैं। पुलिस इस मामले में फरार आकाश कनौजिया की भी तलाश कर रही है।
मामले के गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज के सभी NSUI नेताओं को बलपूर्वक प्राचार्य के केबिन से बाहर निकाला और जांच शुरू कर दी है।



