छत्तीसगढ़
Trending

पंडरिया में विकास को रफ्तार: भावना बोहरा ने 1.97 करोड़ के पुल का किया भूमिपूजन, बारिश में आवागमन की समस्या होगी खत्म

पंडरिया, 10 अप्रैल 2026/ पंडरिया विधानसभा में निरंतर विकास कार्यों को गति देते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से आज जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। मलकछरा से गुढ़ा के मध्य 45 मीटर वृहद् पुल निर्माण का आज विधायक भावना बोहरा ने भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। 1 करोड़ 97 लाख 45 हजार रुपए की लागत से निर्मित होने वाले इस पुल से मलकछरा और गुढ़ा सहित आस-पास के अनेक गाँव को बेहतर कनेक्टिविटी और बारहमासी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।

बारिश के मौसम में सड़क बंद होने की समस्या से निदान मिलेगा वहीं सुरक्षित आवागमन से क्षेत्रवासियों को अन्य गाँव तक पहुँच आसान होगा। पंडरिया विधायक भावना बोहरा की सक्रियता और जनसुविधाओं के लिए उनके प्रयासों से पंडरिया विधानसभा में निरंतर अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को गति मिल रही है। इस पुल निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह देखने को मिला और भूमिपूजन समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने विधायक भावना बोहरा और छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया। यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है।

इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि बरसात के दिनों में आवागमन की गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे ग्रामीणों को अब इस पुल निर्माण कार्य से बड़ी राहत मिलेगी। यह पुल न केवल ग्राम गुड़ा, मलाकछरा और आसपास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच को भी सुलभ बनाएगा। यह पुल क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे आज हमारी सरकार ने प्राथमिकता देते हुए पूरा करने का संकल्प लिया है। पंडरिया में निरंतर विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है। सड़क, पुल, भवन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। यह पुल भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगा। इस सौगात के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करती हूँ।”

भावना बोहरा ने बताया कि यह परियोजना न केवल विकास का प्रतीक है, बल्कि सरकार की जनहितैषी नीतियों और संकल्प का सशक्त उदाहरण भी है। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार के विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर लगातार बदल रही है और जनता के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और पीएम जनमन योजना के तहत पंडरिया विधानसभा में आदिवासी व वनांचल क्षेत्र में विकास व अधोसंरचना निर्माण निरंतर जारी है।

पीएम जनमन योजना के माध्यम से लगभग 100 किलोमीटर से अधिक पक्की सड़कें, 3500 से अधिक पीएम आवास, विद्युत् विहीन ग्रामों में बिजली की पहुँच, और नलजल योजना के माध्यम से घर-घर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। वहीं डबल इंजन सरकार में पंडरिया विधानसभा अंतर्गत लगभग 1000 करोड़ रुपए के विकास कार्य जारी हैं, जिसमें 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण, 300 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं, 78 करोड़ की पेयजल योजना, और 35 हजार से अधिक पीएम आवास जैसे अभूतपूर्व कार्य शामिल हैं।

इस दौरान भावना बोहरा भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम दुल्लापुर में आयोजित गाँव चलो अभियान में शामिल हुईं और जनसंपर्क कर क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और लाभान्वित हितग्राहियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, जिला व जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button