भटगांव को मिली 28.19 करोड़ की सड़क सौगात: लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से NH-43 के मजबूतीकरण को मंजूरी

रायपुर, 08 फरवरी 2026
भटगांव विधानसभा क्षेत्र को सड़क विकास की बड़ी सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के सतत प्रयासों से बीरपुर 12 मील हनुमान मंदिर (सिलफिली) से कालीघाट महावीरपुर (अंबिकापुर) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के डामरी मजबूतीकरण कार्य के लिए राज्य शासन ने 28.19 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस परियोजना के स्वीकृत होने से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिलेगी।
सड़क निर्माण से भटगांव विधानसभा सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। साथ ही अंबिकापुर जैसे प्रमुख शहरी केंद्र से संपर्क मजबूत होने से क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनसुविधाओं का विस्तार और संतुलित विकास है। भटगांव विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आमजन के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार हो सके।


