भाटापारा: शराब और जुए के खिलाफ उतरीं महिलाएं – असामाजिक तत्वों ने गुलाबी गैंग पर किया हमला, दो घायल, 70 से ज्यादा महिलाएं पहुंचीं थाने

भाटापारा (बलौदाबाजार)। छत्तीसगढ़ के भाटापारा शहर के संत माता कर्मा वार्ड में रविवार रात बड़ी घटना हुई। दो दिन पहले गठित हुई गुलाबी गैंग की महिलाओं पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, ये महिलाएं वार्ड में शराब, जुआ और गांजा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने मोहल्ले में निकली थीं।
गैंग की सदस्याओं ने जब शराब पी रहे लोगों को समझाइश देने की कोशिश की, तो कुछ युवकों ने महिलाओं के साथ झूमाझटकी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दो महिलाओं के कपड़े फट गए और उन्हें चोटें भी आईं।
घटना के बाद वार्ड की करीब 70 से 80 महिलाएं भाटापारा शहर थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड में नियमित गश्त और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



