छत्तीसगढ़रायपुर

युवाओं को अध्यात्म से जोड़ेगा ‘भजन क्लबिंग’, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माधवास रॉक बैंड के कार्यक्रम में खेली फूलों की होली

रायपुर 28 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आज शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को अध्यात्म और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का अभिनव प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने राधा-कृष्णमय माहौल में भक्तों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक चेतना मंच द्वारा किया गया था। उन्होंने युवाओं को अपने प्राचीन मूल्यों और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा दी और कहा कि जब युवा अध्यात्म से जुड़ते हैं, तो उनमें अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की भावना और मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि से जुड़ी है और प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, अजय जामवाल, आलोक डंगस, सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक, इस्कॉन रायपुर के स्वामी सुलोचन प्रभुजी, स्वामी तमाल कृष्ण प्रभुजी, स्वामी निखिलापति प्रभुजी, स्वामी रघुपति दास और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button