जंगल में मौत बनकर टूटीं मधुमक्खियां: महुआ बीन रहे बुजुर्ग की मौके पर मौत, पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही, पूरे इलाके में दहशत

बालोद | छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के बालोद जिला से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना महुआ बीनना एक परिवार के लिए काल बन गया। जंगल में गए एक बुजुर्ग दंपति पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक ऐसा हमला किया कि पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
यह पूरी घटना डौंडी थाना क्षेत्र के गोटूलमुड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय चम्पूलाल गोयल अपनी पत्नी सुमित्रा के साथ सुबह जंगल में महुआ बीनने निकले थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक पेड़ों के बीच छिपे मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर धावा बोल दिया।
देखते ही देखते मधुमक्खियां दोनों के शरीर पर टूट पड़ीं और ताबड़तोड़ डंक मारने लगीं। दर्द और अफरा-तफरी के बीच दोनों ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमला इतना जबरदस्त था कि चम्पूलाल गोयल मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वहीं, सुमित्रा किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में डर है कि जंगलों में इस तरह के हमले फिर हो सकते हैं, जिससे अब महुआ बीनने जाने से पहले लोग सतर्कता बरतने की बात कर रहे हैं।



