छत्तीसगढ़
Trending

बस्तर ओलंपिक 2025 का नारायणपुर के सुदूर ग्राम कच्चापाल में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भव्य शुभारंभ, 47 हजार से अधिक प्रतिभागी जुड़े

मनीष तिवारी

रायपुर, 25 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और बस्तर संभाग के जनजातीय एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ आज नारायणपुर के सुदूर ग्राम कच्चापाल में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया।

इस अवसर पर ईरकभट्टी और कच्चापाल की ग्रामीण महिलाओं के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ईरकभट्टी की महिलाओं ने बाजी मारी। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों को बस्तर ओलंपिक 2025 की टीशर्ट वितरित की।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल खेल नहीं है, बल्कि यह बस्तर की समरसता, बंधुत्व और एकता का प्रतीक भी है। यह आयोजन युवाओं को अपनी नैसर्गिक प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रदेश से निकलेंगे, जो बस्तर का नाम पूरे विश्व में ऊँचा करेंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग, जनपद उपाध्यक्ष ओरछा मंगडूराम नूरेटी, सरपंच कच्चापाल रजमा नूरेटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन 25 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग शामिल हैं। जूनियर वर्ग (14-17 वर्ष), सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक), दिव्यांग खिलाड़ी और आत्मसमर्पित नक्सली भी सीधे संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

बस्तर संभाग में इस ओलंपिक में कुल 3 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागी जुड़ रहे हैं, जिनमें से नारायणपुर में ही 47 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button