बस्तर ओलंपिक-2025: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा, विकासखंड स्तर तक व्यवस्थित आयोजन का दिया निर्देश, 2.72 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन जारी

रायपुर, 14 अक्टूबर 2025
बस्तर ओलंपिक-2025 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज वरिष्ठ अधिकारियों और बस्तर संभाग के जिला खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापक समीक्षा की। उन्होंने विकासखंड स्तरीय आयोजनों पर विशेष ध्यान देने, खेल मैदानों की मैपिंग, भोजन, यातायात, आवास, प्राथमिक चिकित्सा, और निर्णायकों एवं रेफरियों की व्यवस्था के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने पंजीयन प्रक्रिया और प्रचार-प्रसार की स्थिति की समीक्षा की। खेल विभाग ने बताया कि अब तक 2.72 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है और यह 20 अक्टूबर तक जारी रहेगा। श्री साव ने प्रत्येक विकासखंड में पंजीयन की स्थिति पर निगरानी रखते हुए कम पंजीयन वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और पुरुष प्रतिभागियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक अब केवल क्षेत्रीय आयोजन नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर इसकी ख्याति बढ़ गई है। इसलिए इसे उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकासखंड से संभाग स्तर तक आयोजित किया जाए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रेरणा के रूप में आमंत्रित करने और राष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले विकासखंड स्तरीय आयोजनों के लिए सभी जिलों को समयपूर्व तैयारियाँ सुनिश्चित करने का आदेश दिया। फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल जैसे खेलों में पंजीयन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने और आवश्यक बजट के लिए जिला कलेक्टरों से सीएसआर निधि का सहयोग लेने का निर्देश भी दिए गए।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनूजा सलाम, उप संचालक रश्मि ठाकुर और खेल अधिकारी गिरीश शुक्ला भी मौजूद थे।