बस्तर विधायक की पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम : धारदार हथियार से खुद को किया घायल, ICU में भर्ती – रायपुर रेफर की तैयारी

जगदलपुर, 01 जनवरी 2026। बस्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल (51 वर्ष) ने मंगलवार सुबह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। उन्होंने स्टेट बैंक चौक स्थित अपने निवास पर धारदार औजार से अपने हाथ, पेट और गले पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद के अनुसार सुमित्रा बघेल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस द्वारा परिजनों से की गई प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कुछ माह पहले सुमित्रा बघेल की माता का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में थीं। इसके अलावा वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ भी चल रही थीं।
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त विधायक लखेश्वर बघेल घर पर ही मौजूद थे। वे किसी काम से कमरे में गए तो उन्होंने सुमित्रा को बाथरूम के पास अचेत अवस्था में रक्तस्राव की हालत में पड़ा पाया। इसके बाद वे तुरंत उन्हें गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजमन बेंजाम, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता अस्पताल पहुंचे और हालात की जानकारी ली।
सुमित्रा बघेल पेशे से शिक्षिका हैं। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
शहर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है और मामले की जांच जारी है।



