‘बाहरी हवा’ के बहाने हैवानियत: दुर्ग में झाड़-फूंक करने वाला बैगा नाबालिग को नर्सरी में ले जाकर कर गया रेप

दुर्ग, 26 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से अंधविश्वास की आड़ में दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के लिए बुलाए गए एक बैगा ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की तबीयत खराब होने पर उसकी मां ने बेमेतरा जिले के ग्राम परसबोड़ निवासी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा (25) को इलाज और झाड़-फूंक के लिए अपने घर बुलाया था। 22 दिसंबर को आरोपी घर पहुंचा और लड़की की हालत देखकर उस पर “बाहरी हवा का साया” होने की बात कही। इसके बाद उसने झाड़-फूंक का नाटक किया और नींबू फेंकने का बहाना बनाकर नाबालिग को अपने साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी में ले गया।
नर्सरी के भीतर आरोपी ने लड़की को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़िता डर के कारण दो दिनों तक चुप रही।
24 दिसंबर को पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद नंदिनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी परमेश्वर बघेल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास और झाड़-फूंक की आड़ में होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।



