छत्तीसगढ़
Trending

CG के सभी शासकीय स्कूलों में मोबाइल ऐप से हाजिरी : शिक्षा मंत्री बोले—”ऑनलाइन व्यवस्था से सुधरेगी शिक्षा गुणवत्ता”

रायपुर, 19 दिसंबर 2025/छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने “विद्या समीक्षा केंद्र” ऐप को पूरे प्रदेश में लागू कर दिया है।
अब तक यह व्यवस्था प्रदेश के 7 जिलों में लागू थी, जहां इसके सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। इन्हीं अनुभवों के आधार पर राज्य सरकार ने इसे सभी जिलों में विस्तार देने का निर्णय लिया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की नियमितता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ ऐप के माध्यम से यह स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा कि शिक्षक और विद्यार्थी समय पर स्कूल पहुंच रहे हैं या नहीं। इससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा।
शिक्षा विभाग द्वारा सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
राज्य शासन का मानना है कि इस नई डिजिटल व्यवस्था से स्कूलों में अनुशासन बढ़ेगा और विद्यार्थियों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और नियमित शिक्षा उपलब्ध कराने में प्रभावी सहायता मिलेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button