दंतेवाड़ा में सुकमा SDOP पर हमला: सुकमा से पीछा कर पहुंचे आरोपी ने चाकू से किया जानलेवा वार, दुर्ग का युवक गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। सुकमा जिले के SDOP तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला किया गया है। SDOP किसी शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में SDOP के सिर और गले के पास गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविशंकर साहू के रूप में हुई है, जो दुर्ग जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रजनिशा वर्मा नामक महिला के साथ दंतेवाड़ा आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सुकमा से ही SDOP का पीछा किया और मौका पाकर दंतेवाड़ा में हमला कर दिया।
मामले में दंतेवाड़ा ASP आरके बर्मन ने बताया कि महिला और आरोपी दोनों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



