कोरिया महोत्सव में मुख्यमंत्री ने 105 परिवारों को उज्ज्वला गैस, महिलाओं को पिंक ई-रिक्शा और गार्बेज रिक्शा देकर आत्मनिर्भरता को दिया नया संबल

रायपुर, 17 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर 105 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन प्रदान किए गए, जिससे अब परिवार धुएं से मुक्ति के साथ सुरक्षित और स्वच्छ ईंधन का लाभ उठा सकेंगे।
स्व-रोजगार और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहन देने के लिए 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण होगा।
साथ ही, जिले की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने हेतु 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यवस्था नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत है।



