
रायपुर, 16 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहलाने वाले राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प-2026 आस्था, संस्कृति और अध्यात्म के अद्भुत संगम का साक्षी बना। त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रामायण में भगवान राम की भूमिका से घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल ने “सुनो श्री राम कहानी” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। पूरी नगरी भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूबी नजर आई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात, आयोजन की सराहना
कार्यक्रम के दौरान कलाकार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आत्मीय भेंट की और कुंभ के भव्य आयोजन व व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया।
गोविल ने कहा — छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोगों का स्नेह उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।
“सिर्फ धार्मिक नहीं, सांस्कृतिक पहचान का उत्सव”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उत्सव है। ऐसे आयोजन प्रदेश की राष्ट्रीय पहचान को मजबूत कर रहे हैं और पर्यटन को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों और संतों की उपस्थिति
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा व श्रद्धालु मौजूद रहे।
पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को मिल रही नई ताकत
राजिम कुंभ कल्प-2026 के जरिए छत्तीसगढ़ की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है और यह आयोजन आस्था के साथ-साथ पर्यटन संवर्धन का भी सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।



