छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी, अब हर मौसम में उड़ान; सीएम विष्णुदेव साय बोले– छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर, 06 फ़रवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के हवाई संपर्क को बड़ी मजबूती मिली है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR से अपग्रेड कर 3C-ऑल वेदर ऑपरेशन (IFR) श्रेणी में शामिल करने की स्वीकृति दे दी है। इस फैसले के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट से हर मौसम में विमान संचालन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की अनुमति मिलने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक हवाई सेवाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही यह निर्णय औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

सीएम साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट को मिली यह स्वीकृति पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा देगी और प्रदेश राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button