बालोद में हमर राज पार्टी जिला अध्यक्ष की कार में आग लगाने का मामला: अंगारी सरपंच ममता डडसेना और श्यामू यादव गिरफ्तार

बालोद। हमर राज पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र साहू की कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने के आरोप में अंगारी सरपंच ममता डडसेना और दुर्ग निवासी श्यामू यादव उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले इसी केस में 5 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
कैसे हुआ खुलासा?
1 दिसंबर को बूढ़ापारा वार्ड 20 में देवेंद्र साहू के घर के पास खड़ी कार में अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2025 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों अनिकेत मेश्राम, सूरज रंगारी, दानेश्वर साहू, अभिषेक चौरे और मोहम्मद फैजान से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ।
जेल में बनी साजिश
जांच में पता चला कि बालोद जेल में निरुद्ध मोहम्मद फैजान की मुलाकात अंगारी सरपंच ममता डडसेना के पति अश्वनी डडसेना से हुई थी।
अश्वनी ने देवेंद्र साहू के जमीन विवाद का जिक्र करते हुए उन्हें जान से मारने और कार में आग लगाने की सुपारी देने की बात कही थी।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
साजिश में भूमिका मिलने पर सरपंच ममता डडसेना और श्यामू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें।



