
रायपुर, 27 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल परिसर में सीनियर महिला वेटलिफ्टिंग (58 किग्रा वर्ग) प्रतियोगिता का रोमांचक आयोजन हुआ। देशभर से आई महिला खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया।
अरुणाचल प्रदेश की अनाई वांग्सू ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 169 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 74 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 95 किलोग्राम वजन उठाकर शीर्ष स्थान हासिल किया।

ओडिशा की मिना सांता ने 165 किलोग्राम कुल वजन उठाकर रजत पदक जीता, जबकि उनकी ही राज्य की मीना सिंह ने 161 किलोग्राम वजन के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा असम की मार्टिना मिली, तारा सोनवाल और आंध्र प्रदेश की जी. लेनिन एस प्रिया सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान हर सफल लिफ्ट पर दर्शकों की जोरदार तालियां गूंजती रहीं।
यह आयोजन न केवल महिला खिलाड़ियों की ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक बना, बल्कि आदिवासी क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने में भी सफल रहा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के जरिए देश की बेटियां खेल जगत में नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रही हैं।



