एवरेस्ट फतह के मिशन पर छत्तीसगढ़ की बेटी: अमिता श्रीवास ने CM साय से मुलाकात, 9 अप्रैल को करेंगी ऐतिहासिक चढ़ाई

रायपुर, 06 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की उभरती पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके साहस और जज्बे की सराहना करते हुए आगामी अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जांजगीर-चांपा की बेटी अमिता श्रीवास 9 अप्रैल को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना हो रही हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
गौरतलब है कि अमिता इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। उनका आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की बेटियां हर चुनौती को पार कर नई ऊंचाइयों को छूने का हौसला रखती हैं। उन्होंने अमिता के इस साहसिक अभियान के लिए प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास देश का मान और ऊंचा करेगा।



