Ambikapur Lawyer Assault Row: अधिवक्ता संग मारपीट पर हड़कंप, प्रधान आरक्षक लाइन अटैच – वकीलों ने पैरवी से किया इंकार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिवक्ता राजेश तिवारी ने प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी के नाम एएसपी को ज्ञापन सौंपा है। घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश है और तय किया गया है कि मारपीट में शामिल पुलिसकर्मी, उसके भाई और सहयोगियों की किसी भी अधिवक्ता द्वारा पैरवी नहीं की जाएगी।
क्या है मामला?
अधिवक्ता राजेश तिवारी के मुताबिक गाड़ी मोड़ने की बात को लेकर उनके बेटे और प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि संतोष कश्यप ने उनके बेटे से हाथापाई कर ली। जब राजेश तिवारी और उनकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो संतोष कश्यप, उसके भाई और अन्य सहयोगियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। इस घटना में अधिवक्ता तिवारी के पैर में गंभीर चोट आई है।
अधिवक्ताओं में नाराजगी
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष और अधिवक्ता राजेश तिवारी ने ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने कहा कि जनता की सुरक्षा करने वाले रक्षक ही यदि भक्षक बन जाएं, तो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
SP ने लिया एक्शन
शिकायत के बाद सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने तत्काल एक्शन लेते हुए प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप को लाइन अटैच कर दिया है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मामले की जांच जारी है और अधिवक्ता समुदाय कार्रवाई के इंतजार में है।



