बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक का आरोप: 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पुलिस में दर्ज कराई FIR, जांच तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं के हिंदी विषय का पेपर लीक होने के कथित आरोप को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मंडल ने पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों में बारहवीं हिंदी विषय के प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद बोर्ड ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के बाद पूरे मामले की तकनीकी और कानूनी जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तथा साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे प्रश्नपत्र और वास्तविक प्रश्नपत्र की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वायरल सामग्री असली है या भ्रामक।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में पेपर लीक हुआ था या सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई गई थी।



