राज्योत्सव में आज आदित्य नारायण की धमाकेदार प्रस्तुति, शाम 6:30 से छत्तीसगढ़ी लोक रंगों का आगाज़

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25वें वर्ष पर आयोजित राज्योत्सव के दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को बॉलीवुड के मशहूर पार्श्वगायक आदित्य नारायण अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। उनका लाइव संगीत कार्यक्रम रात्रि 9 बजे से शुरू होगा, जो राज्योत्सव की शाम को यादगार बना देगा।
शाम 6:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। कार्यक्रम का आगाज पद्मश्री डोमार सिंह कंवर के नेतृत्व में केवट नाचा दल की प्रस्तुति से होगा। इसके बाद रंग झाझर, सोनहा बादर और चिन्हारी – द गर्ल्स बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत करेंगे।
लोक संगीत की विशेष जुगलबंदी सुनील तिवारी और जयश्री नायर द्वारा चिन्हारी द गर्ल्स बैंड के साथ प्रस्तुत की जाएगी, जो दर्शकों को पारंपरिक धुनों की दुनिया में ले जाएगी।
राज्योत्सव के आगामी दिनों — 3, 4 और 5 नवंबर — को भी देशभर के प्रख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को उजागर करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जो लोककला और बॉलीवुड संगीत के अनोखे संगम का आनंद लेने के लिए उत्साहित हैं।



