छत्तीसगढ़ में LPG, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक: सरकार ने कहा—कमी की अफवाहों से बचें, सप्लाई पर रोज निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस तथा डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में संचालित सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एलपीजी की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अत्यावश्यक संस्थाओं जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव कंगाले ने निर्देश दिए कि वर्तमान में विद्यार्थियों की परीक्षाएँ चल रही हैं, इसलिए शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए करीब 15 प्रतिशत कमर्शियल गैस सप्लाई होटल और अन्य आवश्यक प्रतिष्ठानों को देने पर भी विचार किया जाए, ताकि जरूरी सेवाओं से जुड़े संस्थानों को सीमित स्तर पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
बैठक में राज्य में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के तीनों डीजल-पेट्रोल डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को ईंधन की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सचिव रीना कंगाले ने प्रदेश के उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति नियमानुसार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।



