ACB-EOW ने कोयला घोटाले में कसा शिकंजा : सौम्या चौरसिया की 8 करोड़ की 16 संपत्तियां कुर्क, भ्रष्टाचार रोकने राज्य की पहली बड़ी कार्रवाई

रायपुर, 23 सितंबर 2025 छत्तीसगढ़ में ACB-EOW ने कोयला घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव सौम्या चौरसिया की करीब 8 करोड़ रुपए मूल्य की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया है। यह राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सौम्या चौरसिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण दर्ज है। जांच में पाया गया कि उन्होंने करीब 47 करोड़ रुपए की 45 अचल संपत्तियां अपने करीबी रिश्तेदारों—सौरभ मोदी, अनुराग चौरसिया और अन्य—के नाम से खरीदी थीं। इनमें से 29 अचल संपत्तियों की कुर्की लगभग 39 करोड़ रुपए मूल्य की पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा चुकी थी। अब शेष 16 संपत्तियों की कुर्की का आदेश विशेष न्यायालय रायपुर ने 22 सितंबर 2025 को पारित किया है।
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने 16 जून 2025 को विशेष न्यायालय में दंड विधि संशोधन अधिनियम 1944 के तहत कुर्की के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। विशेष न्यायालय ने जांच में प्राप्त पुष्टिकृत साक्ष्यों के आधार पर 8 करोड़ रुपए मूल्य की 16 संपत्तियों को अंतरिम कुर्की के आदेश दिए।
यह कार्रवाई राज्य में भ्रष्टाचार रोकथाम और अनुपातहीन संपत्ति मामलों में कड़ी कार्रवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में अन्य लोकसेवकों के खिलाफ भी ऐसे प्रकरणों में कुर्की की कार्रवाई की संभावना जताई गई है।