रेल हादसे के पीड़ितों के लिए उम्मीद की किरण: क्लीन कोल कंपनी उठाएगी लोको पायलट विद्या सागर कुशवाहा की बेटियों की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च

बिलासपुर। 4 नवम्बर को हुए भीषण रेल हादसे के बाद अब प्रभावित परिवारों के लिए राहत की खबर सामने आई है। क्लीन कोल एंटरप्राइजेज प्रा. लि. ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोको पायलट विद्या सागर कुशवाहा की तीनों बेटियों की शिक्षा और विवाह का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है।
कंपनी के निदेशक संजय अग्रवाल ने जिला कलेक्टर बिलासपुर को पत्र लिखकर इसकी औपचारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इन परिवारों की हरसंभव सहायता करेगी।
कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि रेल हादसे में जिन परिवारों के सभी सदस्य असमय काल के गाल में समा गए, उन परिवारों के एकमात्र बचे हुए बच्चे की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी भी कंपनी वहन करेगी।
क्लीन कोल एंटरप्राइजेज के निदेशक संजय अग्रवाल ने कहा, “दोनों परिवार इस समय गहरे सदमे में हैं। स्थिति सामान्य होते ही परिजनों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी ताकि सहायता प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके।”
इस पहल की जानकारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक को भी भेजी गई है।
कंपनी की इस संवेदनशील पहल ने समाज में मानवता और जिम्मेदारी का संदेश दिया है।
📌 बिलासपुर रेल हादसे की CRS जांच पूरी हो चुकी है, फाइनल रिपोर्ट का इंतजार जारी है।



