धान खरीदी का धुआंधार आगाज़: पहले दिन 18,639 क्विंटल धान की खरीद, मुख्यमंत्री बोले— किसान का सम्मान हमारी पहली प्राथमिकता

रायपुर, 15 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का बहुप्रतीक्षित महाअभियान आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत सभी जिलों के धान खरीदी केंद्रों में पूजा-अर्चना और किसानों के स्वागत के साथ हुई। खरीदी का यह कार्यक्रम 31 जनवरी 2026 तक चलेगा।
पहले दिन 188 केंद्रों में 18,639 क्विंटल धान की खरीदी
अभियान के पहले ही दिन प्रदेशभर में 188 केंद्रों में कुल 18,639 क्विंटल धान खरीदा गया। खरीदी केंद्रों पर किसानों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित किया गया।
राज्य में 2739 केंद्र, माइक्रो एटीएम और तकनीक-सक्षम व्यवस्था
इस वर्ष सरकार ने 2739 धान खरीदी केंद्र स्थापित किए हैं। किसानों के भुगतान के लिए माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
खरीदी को तकनीकी रूप देने के लिए तुँहर टोकन ऐप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क ऐप और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर की व्यवस्थाएँ मजबूत की गई हैं।
मुख्यमंत्री का संदेश— किसान का सम्मान ही सरकार का ध्येय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “प्रदेश की खुशहाली किसान की मेहनत से है। सरकार खेती-किसानी को बढ़ावा देने के लिए पूर्ण निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। धान खरीदी पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रहे, इसके लिए सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं।”
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने किया खरीदी का शुभारंभ
प्रदेशभर में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर खरीदी का उद्घाटन किया।
- उपमुख्यमंत्री अरूण साव – बिलासपुर के सेंदरी केंद्र में
- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा – कबीरधाम के महाराजपुर केंद्र में
- खाद्य मंत्री दयालदास बघेल – सूरजपुर के चंदरपुर केंद्र में
- कृषि मंत्री रामविचार नेताम – बलरामपुर के डौरा-कोचली केंद्र में
- सहकारिता मंत्री केदार कश्यप – बस्तर के पल्ली केंद्र में
- राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा – कांकेर के मालगांव केंद्र में
- कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब – महासमुंद के झालखमरिया केंद्र में
सभी स्थानों पर पारंपरिक पूजा, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों की जांच और किसानों के स्वागत के साथ खरीदी आरंभ की गई।
किसानों में उत्साह, प्रशासन मुस्तैद
धान खरीदी के पहले ही दिन केंद्रों में उत्साहपूर्ण भीड़ देखने को मिली। किसानों ने कहा कि इस वर्ष खरीदी की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और व्यवस्थित है।
सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान बिना किसी परेशानी के धान बेच सके, समय पर भुगतान पाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ हो। जिला प्रशासन भी सतर्कता के साथ अभियान को सुचारू रूप से चलाने में जुटा है।
मुख्यमंत्री ने कहा—
“सरकार का उद्देश्य केवल धान खरीदना नहीं, बल्कि किसान के श्रम का सम्मान सुनिश्चित करना है। यही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है।”



