रायपुर में बड़ा प्रशासनिक फैसला: 23 जनवरी से लागू होगा पुलिस कमिश्नरी सिस्टम, अपराध पर कसेगा शिकंजा, जानिए क्या बदलेगा शहर में

रायपुर, 31 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 23 जनवरी 2026 से रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की जाएगी। इस अहम निर्णय को आज साय कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि कमिश्नरी सिस्टम लागू होने से पुलिस को अधिक अधिकार मिलेंगे, जिससे अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में तेजी और प्रभावशीलता आएगी।
क्या है पुलिस कमिश्नरी प्रणाली?
पुलिस कमिश्नरी प्रणाली एक विशेष प्रशासनिक व्यवस्था होती है, जिसमें शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़ी प्रमुख शक्तियां पुलिस कमिश्नर के पास होती हैं। इस प्रणाली में पुलिस कमिश्नर को जिला मजिस्ट्रेट (DM) के बराबर अधिकार मिलते हैं, जिससे वह सीधे कई अहम फैसले ले सकता है।
इस सिस्टम के तहत जिले में एसपी या एसएसपी की जगह पुलिस कमिश्नर सर्वोच्च पुलिस अधिकारी होता है। राज्य सरकार डीआईजी से लेकर एडीजी रैंक तक के अधिकारी को पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर सकती है।
देश के कई बड़े शहरों में लागू
पुलिस कमिश्नरी प्रणाली देश के कई बड़े महानगरों जैसे मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद आदि में पहले से लागू है। बड़े शहरों की जटिल कानून-व्यवस्था को देखते हुए यह सिस्टम अधिक प्रभावी माना जाता है।
कमिश्नरी प्रणाली के फायदे
- पुलिस को अधिक अधिकार और जिम्मेदारी मिलने से कार्यकुशलता बढ़ती है
- फैसले तेजी से लिए जा सकते हैं
- आपात और असामान्य हालात में त्वरित कार्रवाई संभव होती है
- कानून-व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण रहता है
- प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनता है
मुंबई जैसे बड़े और संवेदनशील शहर में इस प्रणाली ने अंडरवर्ल्ड और संगठित अपराध से निपटने में अहम भूमिका निभाई है।
रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने से राजधानी में अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने में पुलिस को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



