छत्तीसगढ़ विधानसभा में जंबूरी कार्यक्रम पर हंगामा: कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, मंत्री के जवाब से किया वॉकआउट

रायपुर, 11 मार्च 2026। बालोद जिले में आयोजित भारत स्काउट-गाइड रोवर रेंजर जंबूरी कार्यक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कार्यक्रम के टेंडर प्रक्रिया और खर्चों में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने विधायकों की समिति से मामले की जांच की मांग की, लेकिन स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि टेंडर जेम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से हुआ और किसी विशेष फर्म को लाभ नहीं दिया गया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
मंत्री ने बताया कि जंबूरी कार्यक्रम के लिए क्रॉसिंग एरिना, शौचालय, जल व्यवस्था, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था, आवास, भोजनालय और प्रिंटिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए। टेंडर राशि 5 करोड़ 18 लाख 88 हजार 860 रुपये थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर किसी खास व्यक्ति को लाभ पहुँचाया गया, जबकि मंत्री ने इसे पूरी तरह से पारदर्शी बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सवाल उठाया कि स्काउट गाइड का अध्यक्ष कौन है और टेंडर जारी होने से पहले काम क्यों शुरू हो गया।



