बलौदाबाजार में सड़क हादसा: ड्यूटी जा रहे दो पुलिसकर्मी की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

बलौदाबाजार, 25 फरवरी 2026: बलौदाबाजार जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक पर सवार आरक्षक धर्मेंद्र यादव और प्रशांतधर दीवान को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रशांतधर दीवान को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
धर्मेंद्र यादव वर्तमान में साइबर सेल में पदस्थ थे और ग्राम परसबोड, थाना साजा, जिला बेमेतरा के निवासी थे। प्रशांतधर दीवान हथबंद थाने में तैनात थे और नवागढ़, जिला बेमेतरा के रहने वाले थे।
हादसा थाना हथबंद क्षेत्र के उदेला-पौसरी मार्ग के पास हुआ। वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद बलौदाबाजार पुलिस में शोक की लहर फैल गई है और परिजन रो-रोकर बुरे हाल में हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
TAGS: बलौदाबाजार, सड़क हादसा, पुलिसकर्मी की मौत, छत्तीसगढ़



