छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में 5 मुख्यमंत्री मिशन लॉन्च: AI, खेल, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप पर फोकस; हर मिशन के लिए 100 करोड़ सालाना प्रावधान

रायपुर, 24 फ़रवरी 2026/ Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को नई विकास दिशा देने के लिए ‘5 मुख्यमंत्री मिशन’ की शुरुआत की है। नई दिशा • नई धार • नई रफ्तार के विजन के साथ इन मिशनों को मिशन मोड में लागू किया जाएगा। सरकार ने अगले 5 वर्षों तक प्रत्येक मिशन के लिए न्यूनतम 100-100 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष प्रावधान करने का निर्णय लिया है।

सरकार का दावा है कि चिन्हांकित क्षेत्रों में केंद्रित और तेज कार्यान्वयन के जरिए छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।


1) मुख्यमंत्री AI मिशन: टेक्नोलॉजी में लीडर बनने की तैयारी

राज्य को उभरती प्रौद्योगिकी में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री AI मिशन’ शुरू किया गया है। इसके तहत युवाओं का AI आधारित कौशल विकास, AI स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन और प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य व उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

सरकार का कहना है कि डिजिटल गवर्नेंस और स्मार्ट समाधानों के जरिए छत्तीसगढ़ अब टेक्नोलॉजी अपनाने वाला नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी लीड करने वाला राज्य बनेगा।


2) मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन: हर गांव से खिलाड़ी

‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के तहत जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज की जाएगी। आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जाएगी और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व प्रोत्साहन दिया जाएगा।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के साथ महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा। सरकार का लक्ष्य है— हर गांव से खिलाड़ी, हर खिलाड़ी को अवसर


3) मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन: पहचान भी, रोजगार भी

पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन’ लागू किया जाएगा। इसके तहत पर्यटन स्थलों और थीम आधारित सर्किट का विकास, मेले-उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा, होमस्टे को प्रोत्साहन और टूर गाइड स्किल डेवलपमेंट किया जाएगा।

स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन पर भी जोर रहेगा।


4) मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन: विकास की रीढ़ मजबूत

राज्य की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं का गैप एनालिसिस कर प्राथमिकता आधारित रोडमैप तैयार किया जाएगा। तेज और प्रभावी कार्यान्वयन तथा परियोजनाओं की मॉनिटरिंग के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि मजबूत अधोसंरचना ही आर्थिक विकास की रीढ़ है।


5) मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन: युवा बनेंगे जॉब-क्रिएटर

स्टार्टअप मिशन के तहत युवाओं को जॉब-सीकर से जॉब-क्रिएटर बनाने पर जोर रहेगा। तकनीकी, वित्तीय और संस्थागत सहयोग के जरिए नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

साथ ही NIPUN मिशन (New Age Industrial Preparedness for Upskilling New Generation Youth) के तहत उद्योग आधारित कौशल विकास, नई तकनीक आधारित रोजगार अवसर और भविष्य की इंडस्ट्री के लिए युवाओं को तैयार किया जाएगा।

सरकार का संदेश साफ है— युवा नौकरी ढूंढेंगे नहीं, नौकरी देंगे


इन पांचों मिशनों को छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का रोडमैप माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में इनके क्रियान्वयन से राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार, खेल, पर्यटन और तकनीकी क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button