भविष्य की मांग को ध्यान में रख विद्युत सुविधाओं का विस्तार जरूरी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 30 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राज्य में बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण की स्थिति का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली आमजन की मूलभूत जरूरत है और इसकी निरंतर आपूर्ति सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी विद्युत उत्पादक राज्यों में है और भविष्य में बढ़ती मांग को देखते हुए ऊर्जा अवसंरचना का समयबद्ध विस्तार जरूरी है।
उन्होंने ऑफ-ग्रिड गांवों को जल्दी ग्रिड से जोड़ने, बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने और लंबित बिजली बिलों के लिए उपभोक्ताओं को सुविधा देने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
श्री साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी सरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने और सोलर पैनल इंस्टालेशन की प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि पिछले दो वर्षों में ट्रांसफार्मर क्षमता 24,227 एमवीए से बढ़कर 27,820 एमवीए हो गई है। 400/220 केवी, 220/132 केवी और 132/33 केवी उपकेंद्रों के उन्नयन सहित कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। साथ ही सौर सुजला योजना, कुसुम योजना और ग्राम विद्युतीकरण जैसी योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और सीएसपीडीसीएल, सीएसपीजीसीएल, सीएसपीटीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



