धर्मांतरण पर सख्त सीएम साय: ‘गरीबी-अशिक्षा का फायदा उठाकर धर्म बदलवाना गलत, समाज का विरोध जायज’

रायपुर, 25 दिसंबर 2025/ धर्मांतरण को लेकर सर्व समाज द्वारा किए गए बंद पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी स्पष्ट और सख्त राय रखी है। सीएम साय ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और हर नागरिक को अपनी इच्छा से किसी भी धर्म को अपनाने की स्वतंत्रता है, लेकिन किसी की मजबूरी, गरीबी या अशिक्षा का फायदा उठाकर धर्म परिवर्तन कराना पूरी तरह गलत है।
मुख्यमंत्री ने कहा,
“अगर कोई व्यक्ति अपनी मर्जी से धर्म अपनाता है तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी की कमजोर स्थिति का लाभ उठाकर धर्मांतरण किया जाना कतई उचित नहीं है। इसका विरोध होना ही चाहिए।”
सीएम साय ने यह भी कहा कि समाज द्वारा किया गया विरोध इसी भावना को दर्शाता है और यह जनता की चिंता और जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और जरूरत पड़ी तो सख्त कदम भी उठाए जाएंगे।
धर्मांतरण के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में बढ़ती बहस के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।


