छत्तीसगढ़
Trending

नाम बदलने पर सियासत गर्म: कांग्रेस के प्रदर्शन पर डिप्टी CM विजय शर्मा का पलटवार, बोले– 125 दिन रोजगार मिल रहा तो दिक्कत क्यों?

रायपुर, 22 दिसंबर 2025/ मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि गांव के लोगों को 100 से 125 दिन तक रोजगार मिल रहा है, तो कांग्रेस को इसमें आपत्ति क्यों हो रही है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि गांवों में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है और ग्रामीण खुद इस व्यवस्था के लिए तैयार हैं। ऐसे में कांग्रेस को परेशानी किस बात की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा गांधी जी की मूल मान्यताओं के अधिक करीब है। केवल बयानबाज़ी से राजनीति नहीं चलती, जनता के बीच जाना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तो फिर ईवीएम का बहाना शुरू हो जाता है।


पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों से मुलाकात पर बयान

पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों से मुलाकात को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रक्रियागत सुधार किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से आग्रह कर वेटिंग लिस्ट बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। रविवार को अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनी गई हैं।


केरल में युवक की मौत पर प्रतिक्रिया

शक्ति जिले के युवक की केरल में मौत के मामले पर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि मांग उचित है, लेकिन संबंधित प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना से यह भी समझने की जरूरत है कि घुसपैठ को लेकर जनता में कितना आक्रोश है।


राज्य में पहली बार ड्रोन से होगी पुलिस पेट्रोलिंग

डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में पहली बार ड्रोन के जरिए पुलिस पेट्रोलिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक की जरूरत है और इसी दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है।


नशे से जुड़े वायरल वीडियो पर सख्त कार्रवाई

रायपुर में नशे से जुड़े वायरल वीडियो पर विजय शर्मा ने कहा कि पिछले दो महीनों में पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन की जा रही है, वायरल वीडियो को चिन्हांकित कर दोषियों तक जल्द पहुंचा जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button