‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश जमीन पर उतरा: बाबा गुरु घासीदास जयंती पर रायपुर में 5 दिन का मेगा हेल्थ कैंप, CM विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ

रायपुर, 18 दिसंबर 2025 — परम् पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में मानव सेवा, सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य जागरूकता का भव्य उदाहरण देखने को मिला। आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित 5 दिवसीय निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेगा हेल्थ कैम्प “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को धरातल पर उतारने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह शिविर हजारों लोगों के लिए स्वास्थ्य संजीवनी साबित होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है। साथ ही राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए ₹25 लाख तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। इस अवसर पर उन्होंने विधायक राजेश मूणत और उनकी टीम को आयोजन के लिए बधाई दी तथा कैम्प में लगे विभिन्न जांच स्टालों का निरीक्षण भी किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय करुणा की सशक्त अभिव्यक्ति है। बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश से प्रेरित यह महाअभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का अनुकरणीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता से यह कैम्प जांच से लेकर उपचार तक की समग्र सुविधा प्रदान कर रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पर आयोजित यह स्वास्थ्य महाकुम्भ समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंच रहे हैं। जिन मरीजों का इलाज कैम्प में संभव नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजक एवं विधायक राजेश मूणत ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से प्रेरित होकर इस मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे एक्स-रे, ईको, सोनोग्राफी सहित सभी प्रमुख जांचें और आवश्यक दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर जांच की विशेष व्यवस्था अत्याधुनिक मशीनों से की गई है। एम्स रायपुर, बालाजी, रावतपुरा, गंगा डायग्नोसिस सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान और देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक इस सेवा कार्य में सहभागी हैं।
कार्यक्रम को विधायक किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ चिकित्सक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



