बड़ी ख़बर : नए साल से पहले मिलावट पर बड़ा वार : खाद्य विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई, 14.63 लाख की मिलावटी मिठाई-पनीर जब्त, डेयरी-होटलों में हड़कंप

रायपुर। वैवाहिक सीजन और नए साल से पहले मिलावटी खोवा, मावा, पनीर और मिठाइयों की बिक्री पर लगाम कसते हुए खाद्य विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर रायपुर जिले में डेयरी दुकानों और पनीर निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर की कई डेयरी व स्वीट्स इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी व गुणवत्ताहीन सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई।
कार्रवाई का विवरण:
- मेसर्स गोपी डेयरी एंड स्वीट्स, बोरियाखुर्द: अस्वास्थ्यकर स्थिति में 200 किलो लूज मिठाई नष्ट। खोवा, कलाकंद और कृष्णा बर्फी सहित 900 किलो सामग्री जब्त, कीमत ₹1.75 लाख।
- काशी एग्रो फूड, बीरगांव: 500 किलो एनालॉग कॉटेज जब्त, कीमत ₹1.15 लाख।
- विवान फूड, प्रोफेसर कॉलोनी: 500 किलो लूज पनीर जब्त, कीमत ₹1.50 लाख।
- एसजे डेयरी, बिलासपुर हाईवे (निमोरा): 4450 किलो पैक्ड मिल्की मलाई फेस पनीर व एनालॉग जब्त, कीमत ₹10.235 लाख।
कुल मिलाकर चार फर्मों से 6350 किलो एनालॉग पनीर, लूज पनीर, खोवा, कलाकंद और पैक्ड मिठाइयाँ जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत ₹14.635 लाख है।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



