परीक्षा पे चर्चा 2026 की शुरुआत: पीएम मोदी से सीधे संवाद का मौका, 11 जनवरी तक पूछ सकते हैं सवाल

रायपुर, 13 दिसंबर 2025।परीक्षा के दबाव से जूझ रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी पहल करते हुए परीक्षा पे चर्चा 2026 के नौवें संस्करण की शुरुआत हो गई है। जनवरी 2026 में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य परीक्षा के तनाव को कम करना और सकारात्मक तैयारी को बढ़ावा देना है।
11 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन और सवाल अपलोड
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक MyGov पोर्टल (innovateindia1.mygov.in) पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। प्रतिभागी अपने सवाल अधिकतम 500 शब्दों में 11 जनवरी 2026 तक अपलोड कर सकते हैं। प्रश्न अपलोड करने की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है।
तनाव से मुक्ति, आत्मविश्वास की तैयारी
यह कार्यक्रम एक इंटरैक्टिव मंच है, जहां प्रधानमंत्री चयनित विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर परीक्षा से जुड़े तनाव, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और मानसिक स्वास्थ्य पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद कर छात्रों को सहयोग देने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
केवल कक्षा 6–12 के लिए पात्रता
परीक्षा पे चर्चा में कक्षा 6 से 12 के छात्र और उन्हीं कक्षाओं के अभिभावक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सफल रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतिभागी सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे।
पिछले संस्करणों की बड़ी सफलता
गौरतलब है कि पीपीसी 2025 के आठवें संस्करण ने देश-विदेश में रिकॉर्ड पंजीकरण के साथ छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत किया था।
👉 महत्वपूर्ण तिथि:
- सवाल अपलोड करने की अंतिम तिथि: 11 जनवरी 2026
- पोर्टल: innovateindia1.mygov.in
परीक्षा पे चर्चा—तनाव नहीं, तैयारी सही!



