बालोद में दोस्त बना जल्लाद: शराब पिलाने की जिद पर गला दबाकर की हत्या, सीसीटीवी से खुला काला सच

बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अर्जुन्दा में रेस्टोरेंट संचालक के इकलौते बेटे दुर्गेश देवांगन उर्फ दादू (27) की उसके ही बचपन के दोस्त पवन कुमार कंवर ने हत्या कर दी। शराब पिलाने की जिद को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने चमड़े की बेल्ट से उसका गला दबाकर जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कैसे हुई वारदात?
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 30 नवंबर की शाम दुर्गेश अपने क्लासमेट पवन से मिला। दोनों अन्य दोस्तों के साथ अर्जुन्दा स्थित दम बिरयानी सेंटर पहुंचे, जहां सभी ने मिलकर शराब पी। देर रात 10 बजे के बाद कुछ दोस्त शराब लेने बाहर चले गए। इसी दौरान दुर्गेश ने पवन से और शराब पीने की जिद की, जिस पर पवन नाराज हो गया।
मामूली कहासुनी झगड़े में बदल गई और गुस्साए पवन ने अपना चमड़े का बेल्ट निकाला तथा दुर्गेश का गला दबा दिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पवन शव को फर्श पर छोड़ पास की दुकान में जाकर सो गया।
जब दोस्त लौटे तो उन्होंने दुर्गेश को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश पड़ा था। उसे तुरंत अर्जुन्दा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सिर, हाथ-पैर पर चोटें देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
जब पिता संतोष देवांगन और समाज के प्रतिनिधियों ने शव देखा तो उस पर कई चोट के निशान थे, नाक से खून बह रहा था और जीभ बाहर निकली हुई थी। इसकी आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
सीसीटीवी फुटेज में हुई पूरी सच्चाई उजागर
पुलिस ने मौके पर मौजूद 8 दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद साइबर टीम ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले, जिनमें पवन को दुर्गेश का गला दबाते हुए पाया गया। इसके आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया।
टेंशन में था आरोपी, घर से ही निकला था परेशान
जांच में सामने आया कि पवन घर से ही तनाव में निकला था और अर्जुन्दा पहुंचकर दोस्तों के साथ शराब पीने बैठ गया। अपने पैसे से शराब पिलाने की बात पर वह और भड़क गया और हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।
एसपी बोले— आरोपी को भेजा गया जेल
बालोद एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान ही हत्या की आशंका स्पष्ट हो गई थी। साक्ष्यों के आधार पर पवन कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।



